400 ग्राम पंचायतों में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प, 50 हजार से अधिक लोगों ने ली शपथ

प्राइड इंडिया न्यूज़ हर सच जो आप जानना चाहें
जिले में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार कलेक्टर के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत जिले की 400 ग्राम पंचायतों और 05 नगरीय निकायों सहित विभिन्न जनपद पंचायतों, शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों तथा विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और लोगों ने बढ़-चढ़कर नशा मुक्ति का संदेश फैलाया।
अभियान के दौरान लगभग 50 हजार से अधिक नागरिकों ने ऑफलाइन नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन द्वारा यह संदेश दिया गया कि नशा मुक्त समाज ही सशक्त और विकसित समाज की आधारशिला है।
इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पनवार में भी विशेष नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री धनंजय मिश्रा, संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिलीप सोनी तथा बीआरसी श्री राजेश पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण, सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं रजनीश कुशवाहा, श्रुति गुप्ता एवं कंचन जायसवाल ने नशा मुक्ति विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए, वहीं श्रीमती बाल सुधा मिश्रा द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक गीत ने कार्यक्रम को भावनात्मक और जागरूकता से भर दिया। अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई।
यह अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।