किसान कल्याण वर्ष में नई पहल- ई-टोकन प्रणाली से खाद वितरण होगा पारदर्शी और सुगम

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में ई-विकास (वितरण एवं कृषि आपूर्ति समाधान) प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन आधारित खाद वितरण व्यवस्था लागू की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सहज तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराना है।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रणाली 15 जनवरी 2026 से जिले में लागू है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बुधवार, 25 मार्च 2026 को जनपद पंचायत सीधी के सभागार में खंड स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में पटवारी, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, कृषि विस्तार अधिकारी, पैक्स एवं विपणन संघ के डबल लॉक केंद्र प्रभारियों को ई-टोकन जनरेशन एवं वितरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था के लागू होने से किसानों को तय समय पर खाद उपलब्ध होगा और उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा या बार-बार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उप संचालक कृषि डॉ. राजेश सिंह चौहान ने बताया कि ई-टोकन प्रणाली से खाद वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और यह किसान कल्याण वर्ष के उद्देश्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।
यह पहल न केवल किसानों की सुविधा बढ़ाने का माध्यम बनेगी, बल्कि उनकी आजीविका को सुदृढ़ करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)