पट्टा बनवाने के नाम पर 30–40 हजार लेने का आरोप, तहसील के नकल प्रभारी पर लगा गंभीर आरोप

सीधी/रामपुर नैकिन:
जिले के रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत ग्राम खारा-खाराहना निवासी सुभद्रा साकेत एवं कल्लू साकेत ने कुँआ निवासी शैलेन्द्र शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का कहना है कि शैलेन्द्र शुक्ला ने जमीन पर लगे स्टे को हटवाकर जमीन का पट्टा बनवाने का लालच देकर उनसे करीब 30 से 40 हजार रुपये ले लिए, लेकिन आज तक न तो कोई आवेदन किया गया और न ही जमीन का पट्टा बनवाया गया।
पीड़ित सुभद्रा साकेत और कल्लू साकेत ने बताया कि शैलेन्द्र शुक्ला वर्तमान में रामपुर नैकिन तहसील कार्यालय में भू-राजस्व नकल प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि शुक्ला ने उन्हें अपने कुँआ स्थित निजी निवास पर बुलाकर पैसे लिए और पट्टा बनवाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद समय-समय पर और रुपये की मांग भी करते रहे।
गुरुवार को दोनों पीड़ित तहसील कार्यालय पहुंचकर नकल प्रभारी कक्ष में ही शैलेन्द्र शुक्ला से पैसे वापस करने की मांग करने लगे। पीड़ितों का कहना है कि जब उनसे पैसे लौटाने की बात की गई तो शुक्ला ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और चुप्पी साधे बैठे रहे, जिससे पीड़ितों को संदेह और गहरा हो गया।
सुभद्रा साकेत और कल्लू साकेत ने इस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा है कि तहसीलदार, एसडीएम और जिला प्रशासन इस प्रकरण को गंभीरता से संज्ञान में लें, ताकि भविष्य में कोई भी राजस्व अधिकारी इस तरह का प्रलोभन देकर लोगों से ठगी न कर सके।
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।