नवोदय विद्यालय चुरहट में “फुटबॉल फॉर स्कूल” कार्यक्रम सम्पन्न

0 7,822


140 विद्यालयों को वितरित हुई फुटबॉल, विधायक रीती पाठक ने किया प्रेरित
सीधी, 12 फरवरी 2026।
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट में “फुटबॉल फॉर स्कूल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीधी जिले के चयनित 140 विद्यालयों को मुख्य अतिथि विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक के करकमलों से फुटबॉल वितरित की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
अपने संबोधन में विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि “फुटबॉल फॉर स्कूल” जैसे कार्यक्रम बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। खेल शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाकर नियमित रूप से खेलों में भाग लेने का आह्वान किया।
विधायक श्रीमती पाठक ने नवोदय विद्यालय परिवार एवं जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वे जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
यह कार्यक्रम मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन, भारत सरकार एवं नवोदय विद्यालय समिति के कमिश्नर श्री राजेश लखानी (आईएएस), विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी (आईएएस), उप आयुक्त श्री आर.के. वर्मा, सहायक आयुक्त श्री डी.के. सिंह, सहायक आयुक्त श्रीमती दीक्षा ज्योति मिश्रा (क्लस्टर प्रभारी) एवं सहायक आयुक्त डॉ. जरीना कुरैशी के निर्देशन तथा प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी ने स्वागत भाषण दिया और विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। विद्यालय कप्तान मास्टर हर्षित द्विवेदी एवं छात्रा कप्तान कु. अनुपमा द्विवेदी ने विद्यालय के समग्र विकास पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत मां सरस्वती वंदना एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान ने कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। अंत में कार्यकारी उप प्राचार्य श्री सुबोध कुमार तिवारी एवं कार्यक्रम संयोजक श्री रवि पाण्डेय (स्नातक शिक्षक, खेलकूद) ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment