ध्यान से बदलेगी पुलिसिंग: सीधी में आईजीपी मिश्रा का सख़्त संदेश—तनाव मुक्त बल, सुरक्षित प्रदेश

0 230

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

ध्यान से ड्यूटी तक बदलाव की बयार: सीधी में आईजीपी रूचि वर्धन मिश्रा ने कराया ‘हार्टफुलनेस’, तनाव मुक्त पुलिसिंग का राज्यव्यापी संदेश

 

सीधी। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय की राज्यव्यापी वेलनेस पहल के तहत पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) पीएचक्यू भोपाल श्रीमती रूचि वर्धन मिश्रा मंगलवार को जिला सीधी के प्रवास पर रहीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित हार्टफुलनेस ध्यान कार्यशाला में उन्होंने पुलिस बल को संबोधित किया और सामूहिक ध्यान अभ्यास कराया। आईजीपी महोदया ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश के समस्त थानों व चौकियों में साप्ताहिक रूप से संचालित किया जा रहा है।

 

कार्यशाला में हार्टफुलनेस संस्था के राज्य समन्वयक श्री गजेंद्र सिंह एवं क्षेत्रीय समन्वयक श्री संजय सिंह ने ध्यान की वैज्ञानिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, परिविक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत कड़वे, रक्षित निरीक्षक श्री वीरेंद्र कुमरे सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले भर के पुलिसकर्मी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े।

 

आईजीपी महोदया के नेतृत्व में 15 मिनट का सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किया गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए और इसे तनाव कम करने में उपयोगी बताया। आईजीपी ने जोर देते हुए कहा कि इस पहल का स्थायी लाभ तभी संभव है जब इसे अनुशासन के साथ नियमित रूप से अपनाया जाए। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीधी जिला पुलिस इस अभियान को पूरी निष्ठा से लागू कर रही है, जिससे तनाव मुक्त पुलिस और सुरक्षित प्रदेश के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment