समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित

0 7,778


समाधान ऑनलाइन प्रकरणों के प्राथमिक निराकरण के निर्देश
लोक सेवा गारंटी प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर
सीधी, 02 फरवरी 2026
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा पत्रों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों—सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, संकल्प से समाधान अभियान तथा ई-ऑफिस की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर सोमवंशी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि हितग्राहियों की वास्तविक समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। नॉन-अटेंडेड एवं निम्न गुणवत्ता के साथ बंद की गई शिकायतों पर कलेक्टर ने कड़ी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान समय-सीमा से बाहर गए प्रकरणों पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना अधिनियम का मूल उद्देश्य है, अतः किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने तथा भविष्य में किसी भी आवेदन को समय-सीमा से बाहर न जाने देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, अधिक से अधिक नागरिकों को लाभान्वित करने तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु है, जिसे पूरी गंभीरता से क्रियान्वित किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त बैठक में ई-ऑफिस प्रणाली की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को ई-ऑफिस के अनिवार्य उपयोग, समय पर फाइल मूवमेंट और डिजिटल माध्यम से कार्य निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और गति लाई जा सके।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित जिले के समस्त विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment