दो साधुओं की हत्या के बाद शिव मंदिर परिसर में जलाने का आरोप

एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, मुख्य आरोपी हिरासत में

0 13

 

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। थाना खुदागंज क्षेत्र के गांव सुथा में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित एक देवस्थल से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां दो चिताएं जलती हुई दिखाई दीं। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

 

सूचना मिलते ही थाना खुदागंज पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए।

 

एसपी के अनुसार, पुलिस को सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि गांव के बाहर स्थित देवस्थल पर दो संन्यासियों के शव जले हुए अवस्था में मिले हैं। देवस्थल के संरक्षक शिवकुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की है।

 

पुलिस के अनुसार, तहरीर में गांव के ही सुमित का नाम सामने आया है। बताया गया है कि सुमित कुछ दिन पूर्व ही जेल से जमानत पर बाहर आया था और पिछले कुछ दिनों से देवस्थल पर रहने वाले दोनों संन्यासियों के साथ उठना-बैठना था।

 

प्राथमिक जांच में ग्रामीणों के हवाले से यह बात सामने आई है कि सुमित ने दोनों संन्यासियों से कथित तौर पर देवस्थल छोड़ने की बात कही थी। पुलिस प्रथम दृष्टया इसी विवाद को घटना की वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment