संवेदना + तकनीक का कमाल: सीधी बना देश का पहला पुलिस जिला, जहां मूक-बधिर भी बेझिझक कहेंगे अपनी बात

0 170

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान

 

सीधी पुलिस ने दिव्यांगजनों के अधिकार और सम्मान की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए जिले के सभी थानों और चौकियों में क्यूआर कोड (QR Code) आधारित साइन लैंग्वेज ट्रांसलेटर सुविधा लागू कर दी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला में इस अनूठी व्यवस्था का शुभारंभ हुआ, जिससे सीधी देश का पहला ऐसा पुलिस जिला बन गया है, जहां मूक-बधिर फरियादियों के लिए लाइव साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर की सुविधा उपलब्ध है।

 

कार्यशाला में बेंगलुरु की साइनेबल कम्युनिकेशन द्वारा विकसित क्यूआर कोड प्रणाली का प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक के तहत मूक-बधिर फरियादी के थाने पहुंचते ही पुलिसकर्मी मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करेंगे और तुरंत वीडियो कॉल के माध्यम से साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर जुड़ जाएगा, जो पुलिस और फरियादी के बीच संवाद सेतु बनेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदौर के समाजसेवी ज्ञानेंद्र पुरोहित एवं सोनांचल बधिर संघ के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों को साइन लैंग्वेज का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

 

समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि “वर्दी का असली गौरव तब है, जब समाज का सबसे मौन व्यक्ति भी बिना डर अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सके।” उन्होंने इसे न्याय के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता बताया। कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव सहित जिलेभर के थाना-चौकी प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे। अंत में मुख्य अतिथि ज्ञानेंद्र पुरोहित का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment