महोबा में आज उस वक्त बड़ा हंगामा खड़ा हो गया जब बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपनी ही सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला बीच सड़क पर रोक दिया।

0 201

रिपोर्ट -रामसिंह महोबा उत्तर प्रदेश 

जल जीवन मिशन के तहत खुदी सड़कों की मरम्मत न होने से नाराज विधायक और उनके समर्थकों की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। मंत्री को अपनी गाड़ी से उतरकर विधायक को मनाना पड़ा, जिसके बाद कलेक्ट्रेट में एक घंटा तक मंत्री और विधायक के बीच बैठक चली। जहां डीएम, एसपी, एमएलसी सहित कई बीजेपी नेता भी मौजूद रहे।

 

महोबा में आज सत्ता के विधायक ने अपना विरोध जताने के लिए मंत्री का ही काफिला रोक दिया। यूपी के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शायद ही सोचा होगा कि जिस जिले में वह सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने और कार्यक्रमों में पहुंचे वहीं उनकी अपनी पार्टी के विधायक उनके सामने दीवार बनकर खड़े हो जाएंगे।

वाकया उस वक्त का है जब मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एक कार्यक्रम के बाद अन्य कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। तभी चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने करीब 50 ग्राम प्रधानों और सैकड़ों समर्थकों के साथ हाईवे पर अपनी गाड़ियों का काफिला अड़ा दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। एसडीएम और सीओ ने विधायक को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन समर्थकों का जोश और नाराजगी कम होने का नाम नहीं ले रही थी। हालात बिगड़ते देख कैबिनेट मंत्री खुद अपनी गाड़ी से उतरे और पैदल ही विधायक के बीच पहुंच गए। विधायक बृजभूषण राजपूत का आरोप था कि उनके विधानसभा क्षेत्र के करीब 100 गांवों की सड़कें जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन बिछाने के नाम पर खोद दी गई हैं, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उनकी मरम्मत नहीं हुई। विधायक ने साफ कहा कि अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इसी दौरान जब पुलिस ने समर्थकों को हटाने की कोशिश की, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया और जमकर धक्का-मुक्की हुई।नाराज विधायक को शांत करने के लिए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह उन्हें अपनी ही गाड़ी में बैठाकर कलेक्ट्रेट ले गए। वहां करीब एक घंटे तक बंद कमरे में एडीएम नमामि गंगे, डीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों के साथ आपात बैठक हुई। मंत्री ने सख्त लहजे में 20 दिनों के भीतर खुदी हुई सड़कों को सही कराने का आश्वासन दिया है।

हालांकि, बैठक के बाद भी तल्खी कम नहीं दिखी। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मीडिया से बात किए बिना ही रवाना हो गए, जबकि विधायक बृजभूषण राजपूत ने हुंकार भरते हुए कहा कि यह पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी योजना है और अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर काम नहीं हुआ, तो वह आगे और भी कड़ा कदम उठाने के लिए तैयार हैं।

 

ब्रजभूषण राजपूत (एमएलए, चरखारी)

आशीष राजपूत (ग्राम प्रधान, श्रीनगर)

ग्राम प्रधान

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment