पांढुरना में गौ-तस्करी को लेकर हिंदू समाज का फूटा गुस्सा, पुलिस को दिया तीन दिन का अल्टीमेटम

0 259

 

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना

 

पांढुरना। जिला मुख्यालय के हृदय स्थल गुजरी बाजार स्थित श्रीराम मार्केट में हुई गौ-माता की चोरी और गौ-मांस मिलने की घटना ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना से जिले का हिंदू समाज अत्यंत आक्रोशित है और कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर रहा है। भगवान श्रीराम के मंदिर के समीप घनी बस्ती से जिस प्रकार देर रात लगभग 3 बजे कार में बर्बरतापूर्वक गौ-वंश को भरकर ले जाया गया, उसने पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल दी है।

इस गंभीर मामले को लेकर बुधवार शाम विशाल जामसावली पदयात्रा समिति के तत्वाधान में सकल हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय हिंदू सेना के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे। आक्रोशित जनसमूह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। पुलिस कप्तान की अनुपस्थिति में थाना प्रभारी अजय मरकाम को ज्ञापन सौंपा गया।

संगठनों का कहना है कि पांढुरना जिला मुख्यालय होने के कारण यहाँ सभी वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहता है, फिर भी अपराधी इतने बेखौफ हैं कि मुख्य बाजार से तस्करी कर रहे हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 3 दिनों के भीतर इस मामले में संलिप्त दोषियों पर कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती, तो जिला मुख्यालय में एक विशाल आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। हिंदू संगठनों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि गोवंश की सुरक्षा के प्रति अब कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment