सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0 287


लापता दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, आरोपी व विधि के प्रतिकूल बालक हिरासत में
सीधी | 27 जनवरी 2026
पुलिस अधीक्षक जिला सीधी संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग मामलों में लापता नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि के प्रतिकूल बालक को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई।
मामला क्रमांक 01: 24 घंटे में रीवा से बरामदगी
एक फरियादिया द्वारा 14 वर्षीय पुत्री के स्कूल जाने के बहाने घर से निकलने के बाद लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कोतवाली पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर बालिका को जिला रीवा से बरामद कर लिया। पीड़िता के कथनों के आधार पर मामले में पाक्सो एक्ट सहित बीएनएस की अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। इस प्रकरण में संलिप्त विधि के प्रतिकूल बालक को माननीय बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह रीवा भेजा गया।
मामला क्रमांक 02: 48 घंटे में अपहरण का खुलासा
दूसरे मामले में 13 वर्षीय बालिका के स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम में जाने के बाद वापस न लौटने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू करते हुए 48 घंटे के भीतर बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। जांच में आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने नामजद 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका
इन दोनों सफल कार्रवाइयों में थाना कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, उप निरीक्षक राजमणि अहिरवार, सउनि राजमणि रजक, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र पाठक, महिला प्रधान आरक्षक ममता पाठक, आरक्षक संतोष कुमार सिंह एवं साइबर टीम की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अपील
सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment