मोरगोंदी में पुलिस और आबकारी की बड़ी दबिश: 1800 किलो महुआ लाहन नष्ट

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
पांढुरना | ग्राम मोरगोंदी में अवैध शराब के कारण बिगड़ते माहौल को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सहायक आबकारी आयुक्त भीमराव वैद्य के निर्देश पर एक संयुक्त टीम ने क्षेत्र में छापेमारी की। आबकारी वृत्त प्रभारी नरेंद्र कुमार नागेश और नंदनवाड़ी चौकी प्रभारी आशीष भीमटे के नेतृत्व में पुलिस और आबकारी विभाग ने मोरगोंदी, मैट, धनौरा और घोघरी के जंगलों व नदी-नालों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से लगभग 1800 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर उसे वहीं नष्ट कर दिया। साथ ही 25 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भी जब्त की गई और एक चालू भट्टी को पकड़कर ध्वस्त किया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने समय पर की गई इस कार्रवाई के लिए खुशी जाहिर की है और उम्मीद जताई है कि अब क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहेगी।