जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे के पास टाइगर की दहशत, खेतों में मिले पगमार्क से ग्रामीणों में भय

0 163

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

डिण्डौरी जिले में जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे के किनारे स्थित खेतों में टाइगर के पगमार्क मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। खेतों में साफ़ दिखाई दे रहे पगमार्क इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि जंगली टाइगर रिहायशी और यातायात वाले इलाके के बेहद करीब पहुंच चुका है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों में भी दहशत का माहौल बन गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार 14 जनवरी को बरगांव कल्याण केंद्र से जबलपुर की ओर जाते समय एक रिटायर्ड अधिकारी ने नेशनल हाईवे के आसपास टाइगर को घूमते हुए देखा था। इस घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता तो बढ़ी, लेकिन अगले ही दिन बांकी और कंचनपुर गांव में भी ग्रामीणों ने टाइगर की मौजूदगी देखे जाने की जानकारी दी। अलग-अलग स्थानों पर टाइगर के दिखने से लोगों की चिंता और अधिक बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में मिले पगमार्क टाइगर के ही प्रतीत हो रहे हैं, जिससे आशंका है कि टाइगर अभी भी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा है। किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं, वहीं शाम ढलते ही गांवों में सन्नाटा पसरने लगा है।

हालांकि वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक टाइगर की मौजूदगी को लेकर कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। इस स्थिति ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग गश्त बढ़ाए, पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए जाएं तथा लोगों को सतर्क रहने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment