Breaking News

शाहपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक सवार बच्चों को मारी टक्कर, एसडीओपी डिंडोरी ने दिखाई मानवीय संवेदना

0 324

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर नरिया–शाहपुर मार्ग के बीच हनुमान मंदिर के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चार पहिया वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में दोनों बच्चों के पैर टूट गए हैं तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घायल बच्चों की मदद के लिए दौड़ पड़े।

 

इसी दौरान अपने शासकीय कार्य से जबलपुर जा रहे एसडीओपी डिंडोरी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए सड़क किनारे घायल बच्चों को तड़पते देखा। उन्होंने तत्काल अपना बोलेरो वाहन रोककर बच्चों को जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी की। उनकी तत्परता और संवेदनशीलता से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

 

कुछ ही देर में 112 पुलिस वाहन भी मौके पर पहुंच गया, जिसके माध्यम से दोनों घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

 

खबर लिखे जाने तक टक्कर मारने वाले अज्ञात चार पहिया वाहन एवं उसके चालक को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment