कलेक्ट्रेट परिसर में 23 जनवरी 2026 को ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर में नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में मॉकड्रिल की तैयारी के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट में सायं 06 बजे से ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
मॉकड्रिल के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात या आकस्मिक स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
मॉकड्रिल की तैयारी के लिए निर्देश
शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
आपदा प्रबंधन टीम को तैयार रखा जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
सायरन बजने पर नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी जाएगी।
ऑल क्लीयर सायरन बजने पर ही नागरिक अपने घरों से बाहर निकलेंगे।
नगर मजिस्ट्रेट ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।