विशेष समाचार: उटेकाटा सरपंच पर गिरी गाज, गबन की पुष्टि के बाद पद से हटाने के लिए ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

संवाददाता- निलेश कलस्कर जिला ब्युरोचीफ
सौंसर/पांढुर्णा | ग्राम पंचायत उटेकाटा में भ्रष्टाचार और मनमानी का मामला अब तूल पकड़ चुका है। वित्तीय अनियमितताओं और ग्रामीणों के साथ धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों के बाद, अब ग्रामवासियों ने एकजुट होकर सरपंच राजू शालिकराम भानगे को पद से हटाने के लिए उच्च न्यायालय और प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।
जांच में 3.66 लाख के गबन की पुष्टि
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, शासन द्वारा की गई जांच में सरपंच पर 3,66,444 रुपये के वित्तीय गबन के आरोप सत्य पाए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस राशि की वसूली के आदेश भी दिए जा चुके हैं। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि गबन सिद्ध होने के बावजूद सरपंच अभी भी अपने पद पर बने हुए हैं, जिससे जांच प्रभावित होने का अंदेशा है।
किसानों और मछुआरों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
भ्रष्टाचार के अलावा सरपंच पर पद के दुरुपयोग के कई सनसनीखेज आरोप लगे हैं:
फसल बर्बादी: किसान गुणाजी उईके ने शिकायत दर्ज कराई है कि सरपंच ने गबन के साक्ष्य छुपाने के लिए आधी रात को उनके खेत में जेसीबी चलाकर खड़ी फसल बर्बाद कर दी।
मछली पालन घोटाला: ढिमर समाज के राधेश्याम पावनकर ने आरोप लगाया है कि उनसे ₹20,000 की अवैध वसूली की गई और बाद में मछली पालन का अधिकार किसी अन्य को बेच दिया गया, जिससे उन्हें ₹70,000 का नुकसान हुआ।
ग्रामीणों की मांग: तत्काल हो निष्कासन
ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षर युक्त पत्र के माध्यम से मांग की है कि जिस सरपंच पर पुलिस रिकॉर्ड कायम हो चुका हो और जो वित्तीय अनियमितताओं में दोषी पाया गया हो, उसे तत्काल प्रभाव से पदमुक्त किया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब उच्च न्यायालय जबलपुर से भी दखल देने की अपील की गई है।