पांढुरना समाचार: 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान की जमीन पर कंपनी की दबंगई, जनसुनवाई में पहुंचा मामला

0 608

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरोचीफ,

पांढुरना | तहसील के ग्राम राजना में एक निजी कंपनी द्वारा बुजुर्ग किसान की भूमि पर जबरन कब्जा करने और दूषित पानी फैलाकर पर्यावरण बिगाड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किसान बाबूराव कोटजावडे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

खेतों के बीच से निकाला रास्ता, रात के अंधेरे में खेल

आवेदक बाबूराव (70) ने बताया कि मौजा राजना स्थित उनके खसरा नंबर 26 की कृषि भूमि पर ‘डायडेक प्रोसेसिंग कंपनी’ के ट्रक चालकों ने आतंक मचा रखा है। कंपनी का निर्धारित रास्ता अलग होने के बावजूद, ट्रक चालक रात के अंधेरे में बुजुर्ग किसान के निजी खेत से होकर वाहन गुजार रहे हैं। किसानों ने कई बार समझाइश दी, लेकिन कंपनी के सुपरवाइजर और चालक अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।

बह रहा बदबूदार पानी, पशुओं की जान को खतरा

आवेदन के अनुसार, कंपनी के ट्रकों से खतरनाक और बदबूदार अपशिष्ट पानी खुले में रिस रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र की जलवायु प्रदूषित हो रही है। इस गंदे पानी के कारण किसानों का खेती करना दूभर हो गया है। सबसे बड़ी चिंता पशुधन को लेकर है; खेतों में चरने वाली गाय-भैंसें जब इस दूषित पानी को पीती हैं, तो उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।

विशेष टिप्पणी: ‘किसानों के साथ हो रहा अन्याय’

भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने इस मामले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने खुलासा किया कि कंपनी के लोग पहले ट्रैक्टर से जमीन को प्लाऊ (जुताई) करते हैं और फिर उसमें गंदा पानी छोड़ देते हैं। जायसवाल ने चेतावनी देते हुए कहा, “इस जहरीले पानी को पीने से गायों का गर्भ नहीं ठहर रहा है। यह पर्यावरण और किसान की जीविका पर सीधा प्रहार है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

प्रशासनिक जांच की मांग,

आवेदक ने कलेक्टर महोदय से मांग की है कि हल्का पटवारी से मौके का मुआयना कराकर जांच प्रतिवेदन तैयार कराया जाए। साथ ही कंपनी को सख्त हिदायत दी जाए कि वे किसानों की भूमि का उपयोग न करें और सक्त कार्यवाही की मांग की है

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment