अपराध की आहट पर ही सीधी पुलिस का ‘फुल स्टॉप’

0 5,410


एक वर्ष में 12 हजार से अधिक उपद्रवियों पर कार्रवाई, 35 आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की प्रक्रिया जारी
सीधी | 5 जनवरी 2026
जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीधी पुलिस ने वर्ष 2025 में अपराधियों के विरुद्ध व्यापक और ऐतिहासिक प्रतिबंधात्मक अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी (IPS) के कुशल निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं जिले के समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में, सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई।
सीधी पुलिस ने अपराध होने से पहले ही उस पर अंकुश लगाने की रणनीति अपनाते हुए वर्ष भर में 12 हजार से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयाँ की हैं, जिससे जिले में अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम हुआ है।
शांति व्यवस्था हेतु की गई प्रमुख प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
1. संभावित विवादों पर त्वरित अंकुश (धारा 126, 135 BNSS)
जिले में शांति भंग की आशंका वाले 11,092 व्यक्तियों को चिन्हित कर बाउंडओवर (पाबंद) किया गया। इस समयपूर्व कार्रवाई से मामूली विवादों को गंभीर अपराध में बदलने से पहले ही रोक दिया गया।
2. आदतन अपराधियों की घेराबंदी (धारा 129 BNSS)
अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त 752 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 129 BNSS के तहत कार्रवाई कर उन्हें भारी बंधपत्रों से पाबंद किया गया, ताकि वे भविष्य में अपराध से दूर रहें।
3. लोक शांति भंग करने वालों पर सख्ती (धारा 170 BNSS)
सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव एवं शांति भंग करने वाले 601 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
4. 35 कुख्यात अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई
समाज के लिए गंभीर खतरा बन चुके 35 कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध जिला बदर के प्रकरण माननीय जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं। प्रभावी पैरवी के साथ यह प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिससे आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
पुलिस अधीक्षक का स्पष्ट संदेश
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी (IPS) ने कहा—
“हमारा प्राथमिक कर्तव्य प्रत्येक नागरिक को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। वर्ष भर में की गई 12 हजार से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयाँ इस बात का प्रमाण हैं कि सीधी पुलिस अपराध होने का इंतजार नहीं करती, बल्कि उसे पहले ही रोकने में विश्वास रखती है। 35 अपराधियों के जिला बदर की कार्रवाई भी इसी कड़ी का हिस्सा है। कानून तोड़ने वालों पर हमारी पैनी नजर है और यह अभियान भविष्य में और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment