मोजे में छिपाकर रखी थी पिस्टल, दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार

सीधी/ जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अमहा-पडरा रोड पर एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर उसके इलाके में भय फैलाने के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमहा-पडरा रोड पर एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान नीरज सोनी पिता दुर्योधन सोनी (उम्र 25 वर्ष), निवासी पुरानी सीधी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई जब आरोपी के दाहिने पैर के मोजे के अंदर से एक पिस्टल बरामद हुई। आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया, जिस पर पुलिस ने पिस्टल को विधिवत जब्त कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल, उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक रण बहादुर सिंह व तिलकराज सिंह तथा आरक्षक बालेंद्र सिंह और कृष्ण मुरारी द्विवेदी की अहम भूमिका रही।