भंदारगोंदी में उमड़ा भक्ति का सैलाब: श्रीमद् भागवत कथा की भव्य पूर्णाहुति, पालखी यात्रा में झूमे श्रद्धालु

पांढुरना संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ
पांढुरना/भंदारगोंदी: स्थानीय ग्राम भंदारगोंदी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का समापन अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। नागपुर के प्रख्यात प. पु. गुरुवर्य ब्रह्मचारी संत वैराग्यराग विनयमुर्ति ह.भ.प. श्री शशीकांतजी पाटील महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस आध्यात्मिक उत्सव ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
नगर भ्रमण: गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य दिंडी यात्रा
कथा के विश्राम दिवस पर ग्राम में भव्य श्रीमद् भागवत पुराण पालखी एवं दिंडी यात्रा निकाली गई। पालखी भ्रमण के दौरान पूरा गांव “हरे कृष्ण-हरे राम” और “विट्ठल-रुक्मिणी” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पालखी का स्वागत किया। वारकरी संप्रदाय की पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु और मृदंग की थाप पर थिरकते भक्तों ने वातावरण को वैकुंठमय बना दिया।
कीर्तन की अमृत वर्षा और महाप्रसाद
पालखी यात्रा के पश्चात महाराज श्री का विशेष कीर्तन कार्यक्रम आयोजित हुआ। अपने ओजस्वी विचारों से महाराज ने उपस्थित जनसमूह को भागवत धर्म और सेवा का मर्म समझाया। कार्यक्रम के अंत में विशाल महाप्रसाद (भंडारा) का वितरण किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
सामुदायिक सद्भाव की मिसाल
इस भव्य आयोजन के मुख्य सूत्रधार श्री चेतन चोरे एवं समस्त चोरे परिवार रहे। चोरे परिवार के समर्पण और संपूर्ण ग्राम वासियों की सक्रिय सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में गांव के युवाओं और वरिष्ठ जनों का विशेष योगदान रहा। इस धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भक्ति की नई ऊर्जा का संचार हुआ है।