समनापुर से डिंडोरी तक स्कूटर से खुलेआम शराब तस्करी, जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में

खमोद चंदेल जिला ब्यूरो डिंडोरी
डिंडौरी – समनापुर से डिंडोरी की ओर इन दिनों स्कूटर के माध्यम से अवैध शराब तस्करी धड़ल्ले से की जा रही है। तस्कर बेखौफ होकर दिनदहाड़े शराब की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचा रहे हैं, जबकि जिम्मेदार आबकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी आंख मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शराब तस्कर स्कूटर में पेटियों और थैलों में शराब भरकर समनापुर से डिंडोरी की ओर आवाजाही कर रहे हैं। यह तस्करी कोई नई बात नहीं है, बल्कि लंबे समय से लगातार चल रही है। इसके बावजूद न तो नियमित जांच की जा रही है और न ही कोई ठोस कार्रवाई सामने आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार तस्करों की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन हर बार मामले को नजरअंदाज कर दिया गया। इससे साफ प्रतीत होता है कि या तो अधिकारियों की लापरवाही है या फिर किसी न किसी स्तर पर मिलीभगत के चलते तस्करों पर हाथ डालने से बचा जा रहा है।
अवैध शराब की बिक्री से जहां एक ओर सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर गांवों में नशाखोरी बढ़ती जा रही है। इसका सीधा असर युवाओं और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है, जिससे सामाजिक माहौल भी खराब हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि समनापुर–डिंडोरी मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया जाए, स्कूटर व दोपहिया वाहनों की नियमित तलाशी ली जाए और अवैध शराब तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा, तो यह अवैध धंधा और भी व्यापक रूप ले सकता है।
अब देखना यह है कि खबर सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारी नींद से जागते हैं या फिर तस्करों के हौसले इसी तरह बुलंद बने रहेंगे।