❝शीतलहर की चुनौती और हुक्मरानों की ज़िम्मेदारी: एडवाइजरी से आगे ज़मीनी इंसानियत की दरकार❞

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
शीतलहर के बढ़ते प्रकोप के बीच प्रशासन द्वारा जारी की गई एडवाइजरी निस्संदेह समयोचित, संवेदनशील और सराहनीय क़दम है। आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा द्वारा चिकित्सा संस्थानों और मैदानी अमले को सतर्क रहने, तथा आमजन को शीतलहर के लक्षण, बचाव और एहतियात के प्रति जागरूक करने के निर्देश जनहित की भावना को मज़बूती देते हैं। गर्म वस्त्र पहनने, संतुलित आहार लेने, विटामिन-सी युक्त फल-सब्ज़ियों के सेवन और अनावश्यक यात्रा से परहेज़ जैसी हिदायतें ठंड के इस सख़्त दौर में नागरिकों की सेहत की हिफ़ाज़त के लिए कारगर साबित हो सकती हैं।
मगर इस सराहनीय पहल के साए में एक तल्ख़ हक़ीक़त भी सांस ले रही है। समाज का एक बड़ा तबका—बेघर लोग, फुटपाथों पर ज़िंदगी गुज़ारने वाले, निर्माण स्थलों पर मेहनत करने वाले मज़दूर और छोटे व्यवसायी—ऐसे हैं जिनके लिए ये दिशा-निर्देश अमल से ज़्यादा मजबूरी का आईना बन जाते हैं। जिनके पास न ढंग के गर्म कपड़े हैं, न सुरक्षित छत और न ही संतुलित भोजन की सहूलियत, उनके लिए एडवाइजरी महज़ काग़ज़ी तसल्ली बनकर रह जाती है। ठिठुरती रातों में ठंड उनके लिए मौसम नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की एक ख़ामोश जंग बन जाती है |
ऐसे हालात में ज़रूरत इस बात की है कि सरकार और प्रशासन महज़ हिदायतें जारी करने तक महदूद न रहें, बल्कि ज़मीनी अमल को भी यक़ीनी बनाएं। रैन बसेरों की मुकम्मल व्यवस्था, कंबल वितरण के साथ-साथ गर्म भोजन, प्राथमिक चिकित्सा और निरंतर निगरानी जैसे ठोस क़दम ही इस मानवीय संकट का सही जवाब हो सकते हैं। यह सच है कि दिसंबर के आख़िरी दौर में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा कंबल वितरण की शुरुआत की गई, जो सराहनीय है, लेकिन सिर्फ़ कंबल से तमाम ज़रूरतों की पूर्ति मुमकिन नहीं। जब तक राहत के ये क़दम व्यापक और निरंतर नहीं होंगे, तब तक शीतलहर से बचाव की यह मुहिम हाशिए पर खड़े लोगों तक पूरी गर्माहट के साथ नहीं पहुँच पाएगी।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)