सीधी पुलिस की सतर्कता से दो लापता किशोर सुरक्षित मिले, परिजनों ने जताया आभार

0 366

कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दिखाई तत्परता, भावनात्मक कारणों से घर छोड़कर गए थे दोनों बालक

सीधी, 29 दिसंबर 2025।

जिले की कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घर से नाराज होकर लापता हुए दो किशोरों को पुलिस ने सुरक्षित ढूंढ निकाला, जिसके बाद परिजनों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल के नेतृत्व में दोनों मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई।

अप्रैल से गुम किशोर मिला सुरक्षित

पहले मामले में बीते अप्रैल माह से लापता एक नाबालिग का पता पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से लगाया। परिजनों ने मामले में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाने की आशंका जताई थी। बरामदगी के बाद पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया था।

एक सप्ताह पुरानी गुमशुदगी का त्वरित समाधान

दूसरे मामले में एक सप्ताह पहले लापता हुए किशोर को पुलिस ने घेराबंदी कर लगातार प्रयासों से बरामद किया। इस बालक ने भी घर में पढ़ाई को लेकर टोके जाने और खेलकूद पर रोक से नाराज होकर घर छोड़ने की बात कही।

दोनों ही मामलों में आवश्यक औपचारिकताओं के बाद किशोरों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सराहनीय योगदान

इस सफलता में निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल, उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह तथा प्रधान आरक्षक जयराम सैनी की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक का संदेश

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा— “बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। छोटी-सी बात पर बच्चे आवेश में आकर घर छोड़ देते हैं, ऐसे में अभिभावकों को बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए। कोतवाली पुलिस की तत्परता प्रशंसनीय है।”

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment