बजाग में निर्माण कार्यों में सुस्ती पर कलेक्टर सख्त, सभी स्वास्थ्य भवन दिसंबर तक पूर्ण करने के आदेश

0 209

डिंडौरी : 10 दिसंबर, 2025

 

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड बजाग में निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसियों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराज़गी जताई है। निरीक्षण के बाद उन्होंने संबंधित फर्मों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े स्वास्थ्य भवनों के निर्माण में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं है।

 

17 अक्टूबर 2025 को ग्राम गीधा सहित विभिन्न स्थलों पर उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निरीक्षण किया गया था, जिसमें कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई। अनुबंध के अनुसार 18 माह में कार्य पूर्ण होना था, लेकिन 12 माह से अधिक समय बीतने के बाद भी कई भवन निर्माणाधीन ही हैं। कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए निर्माण फर्म को चेतावनी जारी की।

 

इसी प्रकार नवीन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निरीक्षण में भी कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। अनुबंधित अवधि समाप्त होने के बावजूद भवन का हस्तांतरण न होने पर कलेक्टर ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने फर्मों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में तत्काल तेजी लाएं, संसाधन बढ़ाएं और दिसंबर 2025 तक सभी भवन पूर्ण कर हस्तांतरित करें। अन्यथा अनुबंध की शर्तों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होगी।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment