दो दिन बाद मिली नहर में गिरी बोलेरो: सीधी जिले की सीमा पर दिखाई दी; चालक अब भी है लापता,नहीं मिल पाया कोई सुराग,

सीधी। मैहर जिले में दो दिन पहले नहर में गिरी बोलेरो गाड़ी आखिरकार रविवार सुबह सीधी जिले की सीमा पर दिखाई दी। तेज बहाव में बहकर कई किलोमीटर दूर पहुंची गाड़ी को ग्रामीणों ने नहर के पानी कम होने पर देखा, लेकिन वाहन चालक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस और बचाव दल चालक की तलाश में जुटे हुए हैं।
शुक्रवार शाम हुआ था हादसा
यह हादसा शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे मैहर जिले के ग्राम कदवारी के पास हुआ। एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी थी। वाहन में मोतीलाल कुशवाहा (ग्राम सुहिला, मैहर) और हीरालाल कुशवाहा (ग्राम बरहा टोला) मौजूद थे। दोनों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है, जबकि वाहन चला रहे व्यक्ति की पहचान और लोकेशन अब भी स्पष्ट नहीं है।
दो दिन बहकर पहुंची सीधी जिले की सीमा पर
ग्रामीणों ने बताया कि बोलेरो ग्राम सरदा के पास नहर में गिरी थी। नहर की तेज धारा गाड़ी को दो दिनों तक बहाती रही और रविवार सुबह करीब 9 बजे गाड़ी सीधी जिले की सीमा पर तैरती हुई नजर आई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।
नहर का पानी बंद, बचाव अभियान शुरू
सूचना मिलते ही प्रशासन ने बाणसागर नहर का पानी बंद कराया, ताकि बहाव कम हो सके और वाहन को सुरक्षित निकाला जा सके। जलस्तर कम होते ही पुलिस और बचाव दल बोलेरो को बाहर निकालने का प्रयास करेंगे। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी बचाव कार्य में सहयोग के लिए मौजूद हैं।
स्थानीय निवासी तेज बहादुर सिंह ने बताया, “हादसा दो दिन पहले हुआ था। आज सुबह जैसे ही बोलेरो सीधी जिले की ओर दिखाई दी, तुरंत चौकी प्रभारी को सूचना दी गई।”
चालक की तलाश जारी
पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने पुष्टि की कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। उन्होंने बताया—
“नहर का पानी कम होने के बाद वाहन निकालने की प्रक्रिया की जाएगी। साथ ही चालक की पहचान और उसकी स्थिति का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।”
प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।