नगर निगम आयुक्त ने किया वार्ड 38 तुलसी का निरीक्षण, दिए सुधार के निर्देश

सड़क, नाली, बिजली-पानी की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

0 512

 

सिंगरौली, 29 अक्टूबर 2025।

नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने आज वार्ड क्रमांक 38 तुलसी का भ्रमण कर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों, सड़कों और नालियों की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

 

आयुक्त ने वार्डवासियों से संवाद के दौरान उनकी समस्याएं सुनीं, जिनमें मुख्य रूप से सड़क, नाली, बिजली और पानी की दिक्कतें शामिल थीं। इस पर उन्होंने संबंधित सहायक एवं उपयंत्री को निर्देश दिया कि जिन सड़कों को बारिश के दौरान क्षति पहुँची है, उनका प्राक्कलन तैयार कर तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए। साथ ही, जहाँ नालियों का निर्माण आवश्यक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

 

स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी को वार्ड में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और नालों की सफाई व कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश दिए।

 

आयुक्त सविता प्रधान ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की सभी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों की निरंतर मॉनिटरिंग करें और वार्ड पार्षद एवं नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं।

 

भ्रमण के दौरान वार्ड पार्षद एवं आपीलीय समिति सदस्य श्री अनिल बैस, कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पांडेय, संबंधित सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment