36 घंटे में सरई पुलिस ने सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी — दो आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली। थाना सरई पुलिस ने 36 घंटे के भीतर अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की हत्या उसके ही गांव के युवक ने अवैध संबंधों के विवाद में की थी।
घटना का विवरण
दिनांक 07 अक्टूबर 2025 को ग्राम दुधमनिया निवासी रामपाल प्रजापति ने थाना सरई में सूचना दी कि उसके चाचा रामाधार प्रजापति (45 वर्ष) बीती रात खेत की रखवाली के लिए गए थे और अगले दिन सुबह उनका शव एल.एन.टी. कंपनी के पास मृत अवस्था में मिला। शव के ऊपर मोटरसाइकिल गिरी हुई थी।
सूचना पर थाना सरई पुलिस मौके पर पहुँची और डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट व एफएसएल टीम को बुलाकर जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मृतक के सिर और पीठ पर वार किए गए हैं। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 656/2025 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
हत्या का कारण और खुलासा
तकनीकी साक्ष्य और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक के अपने ही गांव के राजकुमार सिंह गोंड की पत्नी से अवैध संबंध थे। इसी रंजिश में राजकुमार ने अपने साथी भागीरथी सिंह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
06 अक्टूबर की रात दोनों आरोपियों ने योजना के अनुसार घटना को अंजाम दिया। भागीरथी सिंह मृतक की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। जैसे ही मृतक खेत की ओर निकला, उसने राजकुमार सिंह को सूचना दी। मृतक जब भरोही भाटी पहाड़ी के पास पहुँचा, तब राजकुमार सिंह ने लाठी से उस पर कई वार कर दिए जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में दोनों ने घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए मोटरसाइकिल को शव के ऊपर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों —
1️⃣ राजकुमार सिंह पिता प्रेमलाल सिंह (35 वर्ष)
2️⃣ भागीरथी सिंह पिता सुकसूदन सिंह (35 वर्ष)
दोनों निवासी ग्राम दुधमनिया थाना सरई — को 08 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों को 09 अक्टूबर 2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बनी टीम — उनि. प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक अमन वर्मा, नृपेन्द्र सिंह, विनय शुक्ला, उनि. सूर्यपाल सिंह, सउनि. उपेन्द्र सिंह भदौरिया, सउनि. कमलेश प्रजापति, प्रआर. लक्ष्मीकांत साहू, रामनरेश प्रजापति, अनुराग मिश्रा, हरिभजन सिंह, रामनिरंजन बैस, आर. रिंकू धाकड़, शिवम पाटकर, नीरज सिंह वाघेल, अंकित शुक्ला आदि की अहम भूमिका रही।
जिला ब्यूरो सिंगरौली