मरहूम मोहम्मद मोहसिन की आत्मा की शांति और इंसाफ की मांग को लेकर जहानाबाद में कैंडल मार्च

जहानाबाद। 59 वर्षीय सब्जी विक्रेता मोहम्मद मोहसिन की निर्मम हत्या के खिलाफ और उनकी आत्मा की शांति के लिए शनिवार शाम जहानाबाद में विशाल कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। राजद जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में घोसी विधायक रामवली सिंह यादव, मखदुमपुर विधायक सतीश दास, राजद नेत्री आभा रानी, पूर्व मुखिया अनीता देवी सहित महागठबंधन के तमाम दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस दौरान राजद जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर ने कहा कि महज पाँच रुपए को लेकर ठेकेदार द्वारा सब्जी विक्रेता मोहम्मद मोहसिन की हत्या पूरे समाज के लिए शर्मनाक है। दोषियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से कम से कम दस लाख रुपये मुआवजा मिलना चाहिए।
राजद नेत्री अनीता देवी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “सुशासन के राज में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिनदहाड़े निर्दोषों की हत्या कर दी जाती है, जबकि प्रशासन मौन दर्शक बना हुआ है।”
कैंडल मार्च अस्पताल मोड़ से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए अरवल मोड़ तक पहुँचा और अंत में सभा में तब्दील हो गया। सभा में वक्ताओं ने एक स्वर में दोषियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग उठाई।
नवीन कुमार, संवाददाता — पटना, बिहार