मुख्य सचिव ने अधिकारियों को ‘स्वच्छता से सेवा पखवाड़ा’ के सफल आयोजन हेतु दिए निर्देश
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को ‘स्वच्छता से सेवा पखवाड़ा’ के सफल आयोजन हेतु दिए निर्देश

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी।
मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को स्वच्छता से सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर) के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर निर्धारित गतिविधियों का कैलेंडर तैयार करें और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की भागीदारी से कार्यक्रम आयोजित करें।
पखवाड़े के अंतर्गत 25 सितम्बर को सार्वजनिक स्थलों एवं जलस्रोतों पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाएगा, जिनमें गर्भवती महिलाओं सहित अन्य महिलाओं की जांच की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग पोषण तथा स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम संचालित करेगा।
जनजातीय कार्य विभाग कर्मयोगी अभियान का संचालन करेगा, वहीं संस्कृति विभाग राज्य से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। इस अवधि में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं डिजिटल साक्षरता से जुड़े अभियान भी चलाए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि दशहरे के अवसर पर प्रतिमाओं के विसर्जन में पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाले पदार्थों का उपयोग न हो, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही स्ट्रीट वेंडर योजना के पात्र लाभार्थियों को जोड़कर डिजिटल पेमेंट को प्रोत्साहित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अंशुमन राज, अपर कलेक्टर श्री बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, उपखंड अधिकारी मझौली श्री आर.पी. त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।