सीधी में कार-बाइक की भीषण टक्कर, तीन घायल, एक युवक का पैर फ्रैक्चर, तेज रफ्तार बोलेरो चालक वाहन सहित फरार; पुलिस तलाश में जुटी

0 478

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जेडूला गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार बोलेरो वाहन और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार जड़कुड़ गांव निवासी कालमणी सिंह अपनी मोटरसाइकिल से सावित्री सिंह और ननकी सिंह के साथ बहरी बाजार से सामान लेने जा रहे थे। जेडूला गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

कालमणी के पैर में फ्रैक्चर

हादसे में कालमणी सिंह के एक पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। वहीं सावित्री सिंह और ननकी सिंह को भी चोटें आई हैं। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।

टक्कर के बाद बोलेरो चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शी रिंकू नामदेव ने बताया कि बोलेरो वाहन तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर बोलेरो की टूटी हुई नंबर प्लेट का हिस्सा भी मिला है।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार बोलेरो चालक की पहचान करने के साथ ही वाहन की तलाश में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment