सीधी जिले में यातायात नियमों की उड़ रही धज्जियां हादसों को खुला न्योता

0 5,106

बहरी–अमिलिया मार्ग पर यात्रियों की जान से खिलवाड़, मालवाहक वाहनों में खुलेआम बैठाए जा रहे लोग; आखिर कब जागेगा परिवहन और पुलिस प्रशासन?

सीधी, मध्यप्रदेश। सीधी जिले में यातायात नियमों की अनदेखी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बहरी थाना एवं अमिलिया थाना क्षेत्र के बीच की यह तस्वीर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। तस्वीर में एक छोटे मालवाहक वाहन में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर ले जाते हुए देखा जा सकता है। कुछ लोग वाहन के पीछे लटककर यात्रा करते दिखाई दे रहे हैं।

ऐसे वाहनों में यात्रियों को बैठाकर ले जाना किसी बड़े हादसे को आमंत्रण देने से कम नहीं है। सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी यह स्थिति खतरा पैदा कर सकती है।

जिले में आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं, इसके बावजूद कुछ वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर मनमानी कर रहे हैं। सवाल यह है कि सड़कों पर इस तरह खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की नजर क्यों नहीं पड़ रही है?

प्रशासन से सवाल: क्या बहरी और अमिलिया थाना क्षेत्र में नियमित यातायात जांच की जा रही है? क्या ओवरलोडिंग और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने वालों पर कार्रवाई होगी? आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं परिवहन विभाग को तत्काल सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment