सीधी जिले में खाद नहीं मिलने पर हाईवे किया जामःकिसानों का आरोप- खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही,

0 225

सीधी जिले के अमिलिया बाजार में सोमवार दोपहर खाद वितरण में अव्यवस्था को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में किसानों ने चक्काजाम कर जमकर हंगामा किया।

दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में किसान अमिलिया बाजार पहुंचे और नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। उनका आरोप था कि खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रही है। प्रदर्शनकारी किसानों ने समिति परिसर में भी खूब हंगामा किया।

 

कृषि उपसंचालक बोले- जिले में खाद की कोई कमी नहीं,

 

किसानों के प्रदर्शन की खबर मिलते ही सिहावल एसडीएम प्रिया पाठक, थाना प्रभारी राकेश बैस और उपसंचालक कृषि अगस्त सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। कृषि उपसंचालक अगस्त सिंह ने कहा कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है और लगातार किसानों को खाद दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन किसानों को हर संभव सुविधा देने के लिए गंभीर है।

 

विधायक ने दी चेतावनी- 

 

कालाबाजारी करते मिले तो कार्रवाई होगी

सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक भी घटना की जानकारी मिलने पर सक्रिय हुए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को तुरंत मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर खाद की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा, “अगर कोई व्यक्ति या कर्मचारी खाद की कालाबाजारी करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस बल की मौजूदगी और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि खाद की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्था भी की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment