चार लेबर कोड के विरोध में कोयला श्रमिकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल, एनसीएल में 80% कामकाज ठप,


बीना / सोनभद्र | 9 जुलाई 2025
केंद्रीय श्रमिक संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर मंगलवार को कोयला श्रमिकों ने चार लेबर कोड सहित 17 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी सहायक कंपनियों की खदानों, वाशरियों और ट्रांसपोर्ट यूनिटों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
प्रदर्शनकारी श्रमिकों की प्रमुख मांगों में चार लेबर कोड को वापस लेना, पुराने श्रम कानूनों की बहाली, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक और ठेका श्रमिकों की स्थायी नियुक्ति शामिल है। इसके साथ ही श्रमिकों ने सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और पीएफ संबंधी लाभ सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
एनसीएल सिंगरौली क्षेत्र में सुबह 4 बजे से ही परियोजनाओं के मुख्य द्वारों पर प्रदर्शन शुरू हो गया। हड़ताल के दौरान सीटू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अजय शंकर श्रीवास्तव सहित कई प्रमुख नेता श्रमिकों के साथ परियोजनाओं का दौरा करते नजर आए।
श्रमिक संगठनों के अनुसार, एनसीएल में करीब 80 प्रतिशत कर्मचारियों ने हड़ताल में हिस्सा लिया। संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।