हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ग्रामीण, पेड़ पर ही जिंदा जल गया – दर्दनाक मौत

सीधी से रचना सिंह चौहान की रिपोर्ट
सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण रामदयाल बकरियों के लिए चारा काटने के उद्देश्य से सोबमूल के एक पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान पेड़ की डाल ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन 33,000 केवी बिजली लाइन से टच हो गई, जिससे पूरा पेड़ सुलगने लगा।
पेड़ पर चढ़ा रामदयाल करंट की चपेट में आ गया और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है और मांग की है कि पेड़ के संपर्क में आने वाली हाईटेंशन लाइनों को सुरक्षित ऊंचाई पर स्थानांतरित किया जाए, जिससे इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।