चोरी के शक में वाहन चालक की रहस्यमयी मौत!

0 656

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट

 

शौचालय में फांसी के फंदे पर मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

 

कटनी पुलिस बता रही आत्महत्या, परिजन बोले– 15 लाख की मांग के बाद पीट-पीटकर की गई हत्या

 

सीधी ज़िले के पड़री गांव निवासी राजेश दुबे की मौत ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतक राजेश दुबे कटनी ज़िले के कुठला थाना क्षेत्र स्थित अविनाश ट्रांसपोर्ट में सेकेंड ड्राइवर के तौर पर कार्यरत थे। चोरी के संदेह में उनके साथ हुई कथित मारपीट के बाद शव शौचालय में फांसी पर लटका मिला, जिससे यह मौत रहस्यमयी बन गई है।

 

परिजनों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट कंपनी में वाहन में लदे सरिया की चोरी को लेकर राजेश और एक अन्य ड्राइवर पर संदेह किया गया था। हालांकि यह मामला कभी पुलिस थाने में दर्ज नहीं हुआ। इसी दौरान ट्रांसपोर्टर और उसका मुख्य ड्राइवर राजेश को लेने सीधी जिले के उनके घर पहुंचे और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उन्हें बिना परिजनों की अनुमति के, रिश्तेदार के नाम पर दस्तावेजों की औपचारिकता निभाकर अपने साथ ले गए।

 

कुछ समय तक परिजनों से बातचीत होती रही, लेकिन फिर अचानक एक संदेश आता है कि “राजेश ने शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।”

 

परिजनों ने इस मौत को हत्या करार देते हुए आरोप लगाया है कि ट्रांसपोर्टर द्वारा उनसे 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी और इसके ऑडियो प्रमाण उनके पास मौजूद हैं। उनका कहना है कि राजेश को बुरी तरह पीटा गया और बाद में शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया।

 

घटना के बाद मृतक के 6 वर्षीय पुत्र ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान पूरे गांव में मातम पसरा रहा। ड्राइवर महासंघ के पदाधिकारियों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक दोषियों को सज़ा नहीं मिलती, वे सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे।

 

सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने भी मामले में संज्ञान लेते हुए कहा कि दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कटनी एसपी का तबादला कर दिया गया है।

 

हालांकि कटनी थाना पुलिस का कहना है कि यह मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन शव पर मिले चोट के गहरे निशान और घटनाक्रम को देखते हुए संदेह और गहराता जा रहा है।

 

मृतक के परिजनों ने सीधी पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि सीधी पुलिस उचित हैंडओवर करती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। थाने में मृतक का शव आने के बाद पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।

📌 प्रमुख बिंदु:

 

बिना FIR के चोरी के आरोप

 

बिना परिजनों की अनुमति के मृतक को ट्रांसपोर्टर के साथ भेजा गया

 

फिरौती मांगने का आरोप व ऑडियो रिकॉर्डिंग

 

शव पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

 

दो आरोपी गिरफ्तार, SP का तबादला

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment