सीधी में बस ड्राइवर ने खाया ज़हर, इलाज के दौरान मौत – परिजनों का आरोप, सड़क पर प्रदर्शन

0 508

मध्यप्रदेश के सीधी जिले में रविवार को एक दुखद घटना घटी, जहां एक प्राइवेट बस ड्राइवर ने कथित रूप से ज़हर खा लिया। जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय भरत शुक्ला, जो द्विवेदी ट्रेवल्स में बस चलाते थे, ने सोनतीर पटेहरा के टैक्सी स्टैंड पर ज़हर खा लिया।

घटना के समय भरत बस से सवारी उतार रहा था, तभी उसने जहर सेवन कर लिया। थोड़ी देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग निकलने लगा। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शाम लगभग 6 बजे जब भरत के पिता रामपाल शुक्ला अस्पताल पहुंचे, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली। पिता ने आरोप लगाया कि बस मालिक हनुमान द्विवेदी द्वारा उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव को अस्पताल चौराहे पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया।

डीएसपी गायत्री तिवारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment