सड़क पर बैठेंगी सड़क के लिए, धरना प्रदर्शन में अब रंग लायेगी लीला की लीला

रिपोर्ट-आर.डी.पाण्डेय सीधी मध्यप्रदेश
सीधी- वायदों के नए-नए पिटारे लेकर चुनाव आते हैं और चले जाते हैं। नेताजी भी वायदों को पूरा करने की बात करने में भला कहां पीछे रहते हैं। ग्राम पंचायत खड्डी खुर्द से ग्राम पंचायत गंजरी बाया बगइहा टोला मार्ग को चुनाव के बाद सीधी सांसद द्वारा स्वीकृत किए जाने का वायदा किया गया था। जिसे लेकर लीलावती साहू निवासी ग्राम पंचायत क्षेत्र खड्डी खुर्द, तहसील रामपुर नैकिन द्वारा सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से सड़क निर्माण हेतु आवाज बराबर उठाई जा रही थी। लेकिन झूठे आश्वासनों के सिवा और कुछ नहीं मिला।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में लिखा गया है कि सीधी सांसद द्वारा सड़क बनवाने की सिर्फ तारीख पर तारीख और झूठा आश्वासन दिया गया, रामपुर नैकिन तहसील द्वारा जांच के दौरान उस सड़क में कोई भी गाड़ी न चलने का झूठा बयान दिया गया। अधिकारियों द्वारा बराबर गुमराह करते हुए बहाने बाजी की गई। हमारे संवाददाता से बात करते हुए लीलावती साहू ने कहा कि अगर 30 अप्रैल 2025 तक उपरोक्त सड़क स्वीकृत नहीं कराई गई तो वह 6 माह की गर्भावस्था में एक मई 2025 से धरने पर बैठ जाएंगी। और इस धरना प्रदर्शन के दौरान अगर उनके साथ कुछ अनहोनी होती है तो इसकी सारी जिम्मेदारी सीधी सांसद और सीधी कलेक्टर की होगी।