समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों खरीदी की अंतिम तिथि 31 मई 2025

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी : शासन द्वारा रबी वर्ष 2024-25 (विपणन वर्ष 2025-26) की चना, मसूर, सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी 25 मार्च से 31 मई 2025 तक की जा रही है। भारत सरकार द्वारा औसत अच्छी गुणवत्ता (एफएक्यू) के फसल चना हेतु 5650 प्रति क्विंटल, मसूर हेतु 6700 प्रति क्विंटल एवं सरसो हेतु 5950 प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। जिले में उपार्जन हेतु 03 उपार्जन केन्द्र (आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित चांदपुर (निगवानी परिसर डिण्डौरी), विपणन सहकारी समिति मर्यादित गोरखपुर, आदिम जाति सेवा सहाकरी समिति मर्यादित शहपुरा) का निर्धारण किया गया है। जिसमें उपार्जन कार्य सोमवार से शुक्रवार प्रातः 8 बजे से शाम 8 बजे तक किया जा रहा है। कृषक तौल पर्ची सायं 6 बजे तक जारी की जाएगी। उपज विक्रय हेतु एसएमएस प्राप्त होने का इंतजार करने की आवश्यकता को समाप्त करते हुए कृषक स्वयं उपार्जन केन्द्र एवं उपार्जन दिनांक स्लॉट बुकिंग के माध्यम से कर सकेंगे। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत सत्यापित कृषक स्वयं के मोबाईल, एम.पी. ऑनलाईन, सी.एस.सी., ग्राम पंचायत, लोकसेवा केन्द्र, इन्टरनेट कैफे अथवा उपार्जन केन्द्र से स्लाट बुकिंग कर सकते है।
अतः पंजीकृत कृषकों से अपील किया जा रहा है कि ई-उपार्जन पोर्टल पर चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जन हेतु अतिशीघ्र स्लॉट बुकिंग कर निर्धारित समय में चिन्हित उपार्जन केन्द्र में समय पर विक्रय करें ताकि समर्थन मूल्य योजना का लाभ लिया जा सके।