Breaking News

शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाएं-अपर कलेक्टर श्री राज

0 260

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी से शाहिद खान

त्यौहारों के दौरान उपद्रव करने वालों के विरूद्ध होगी कठोर कार्यवाही -अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

माह मार्च एवं अप्रैल में होने वाले त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए अपर कलेक्टर अंशुमन राज तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। अपर कलेक्टर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा शांति समिति के सदस्यों के माध्यम से जिलेवासियों से 14 मार्च को होली, 30 मार्च को झूलेलाल जयंती, 31 मार्च को ईद-उल-फितर, 06 अप्रैल को रामनवमी, 10 अप्रैल को महावीर जयंती तथा 14 अप्रैल को डाॅ अम्बेडकर जयंती का त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में मनाए जाने की अपील की है। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत छात्रों के हित में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गई।

होलिका दहन एवं होली के त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए अपर कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, यातायात, गोताखोर, साफ-सफाई तथा सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। अपर कलेक्टर ने कहा कि होलिका दहन के लिए स्थल का चयन करते समय फायर सेफ्टी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बिजली के तारों के नीचे एवं सड़कों पर होलिका दहन नहीं करें। आग लगने की संभावनाओं के दृष्टिगत आग बुझाने के भी समुचित प्रबंध रखें। जिले के सभी फायर ब्रिगेड को तैयार रखें। विद्युत विभाग के अधिकारियों को होलिका दहन के दिन कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर कलेक्टर ने होली के दिन उपद्रव करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। मदिरा एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध बिक्री पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए अस्पताल परिसर में रंग कार्यक्रम को पूर्णतः प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को संयुक्त दल बनाकर जिले के सभी दुकानों के मिठाई के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। अपर कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि मिलावटी खाद्य सामग्रियों के बिक्री करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। दूषित खाद्य सामग्रियों के विनिष्टीकरण की प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होने आपातकालीन व्यवस्थाओं को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहने के निर्देश दिए हैं।

त्यौहारों के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी
——
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि त्यौहारों के दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखेगी। यातायात की सुचारू व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। जिन स्थानों पर होलिका दहन हो रहा है वे सभी स्थान पुलिस की निगरानी में रहेंगे। उन्होंने कहा कि नवयुवक तेज रफ्तार में टोलियां बनाकर ओवर लोडिंग कर मोटर साईकिल चलाते है ऐसे में दुर्घटना का अंदेशा रहता है और खुशी का त्यौहार गम में बदल जाता है। पुलिस इस पर नियंत्रण करेगी। इसी प्रकार नशा करके वाहन चलाने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि सोशल मीडिया में भ्रामक खबरों को पोस्ट न करें इस पर पुलिस प्रशासन कड़ी निगरानी रख रही है। भ्रामक पोस्ट करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही की जावेगी।

बैठक में झूलेलाल जयंती, ईद-उल-फितर, चैत्र नवरात्रि, रामनवमी, महावीर जयंती एवं डाॅ अम्बेडकर जयंती के त्यौहार को गरिमामय ढंग से एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, यातायात सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा जिलेवासियों से होली के त्यौहार के दौरान हरे-भरे पेड़ पौधों को नहीं काटने, होलिका दहन कम से कम स्थानों पर करने तथा होली के त्यौहार में शुष्क एवं प्राकृतिक रंगों व गुलाल का उपयोग करने की अपील की गई। इसके साथ ही यह अपेक्षा की गई है कि समस्त निवासी अन्य केमिकल रंग व पेस्ट आदि का प्रयोग न करें एवं किसी पर जबरदस्ती रंग, गुलाल न डालें। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित सभी सदस्यों ने जिले के समस्त निवासियों को आगामी त्यौहारों की अग्रिम शुभकामनाएँ दी है।

बैठक में पार्षद आनन्द परियानी, रजनीश श्रीवास्तव, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक गायत्री तिवारी, उदय कमल मिश्रा, डाॅ रंजना मिश्रा, पूनम तिवारी, भक्तराम नामदेव, रनशेर अलीखान सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment