भाजपा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने लाइन में लग कर बेहद सादगी भरे अंदाज में किया मतदान
महोबा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ दूसरे चरण का मतदान

रिपोर्ट : रामसिंह परिहार
दूसरे चरण में महोबा जनपद की निकाय चुनाव मतदान प्रक्रिया बीते गुरुवार के रोज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। ज़िले भर में शाम 5 बजे तक मतदान का प्रतिशत 61.87% रहा। ज़िले में दो नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों के मतदान प्रतिशत की अलग अलग बात करें तो महोबा में ,53% कबरई में 61.02 चरखारी में 64.35 खरेला में 66 एवं कुलपहाड़ में 65 प्रतिशत रहा। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाएं चाकचौबंद रहीं। महोबा मुख्यालय में नेहरू इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर, तहसील भवन, नगर पालिका परिषद कार्यालय समेत 33 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे जहां शांतिपूर्ण तरीके से मतदान सम्पन्न हुआ है।

यूपी के महोबा ज़िले में निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मतदान बेहद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इस दौरान युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में अपने अपने मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई पड़ा। वहीं नयापुरा नैकाना के वार्ड एक में अपने बेटे के साथ अपना मतदान करने पहुंची 85 साल की रामबाई ने बताया कि उन्होंने महोबा के विकास के लिए अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट किया है। वहीं दूसरे पहर शाम को वोट डालने तहसील पहुंचे महोबा हमीरपुर तिंदवारी लोकसभा क्षेत्र से सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने सायंकाल 4 बजकर 25 मिनट पर बड़े ही सादगी के साथ लाइन में लगकर अपना वोट किया। जिसकी प्रसन्नचित प्रशंसा वहां लाइन में शहरवासियों में चर्चा का विषय बनी हुई है।