नहीं आएगी तीसरी लहर, साधारण सर्दी-खांसी की तरह हो जाएगा कोरोना: एम्स डायरेक्टर

Covid-19 free India: देश में कोरोना की दूसरी लहर लगातार कमजोर पड़ रही है। वहीं दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भी भारत में जारी है। इस बीच, दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने बड़ा बयान दिया है। डॉ. गुलेरिया का कहना है कि देश में कोरोना की तीसरी लहर नहीं आएगी। जल्द ही कोरोना संक्रमण सामान्य सर्दी, जुकाम और खांसी की तरह हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉ. गुलेरिया ने कहा है कि कोरोना संक्रमण अब महामारी नहीं रह गया है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि लोग सावधानी बरतना छोड़ दें। जब तक देश के हर नागरिक को वैक्सीन नहीं लग जाती, तब तक सतर्क रहने की जरूरत है। त्योहारों पर भीड़-भाड़ से बचना जरूरी है। मास्क लगाने और सेनेटाइजर का इस्तेमाल करना जरूरी है। जानिए और क्या खास कहा डॉ. गुलेरिया ने
रिपोर्ट्स के अनुसार डॉ. गुलेरिया ने यह भी साफ किया है कि कोरोना महामारी पूरी तरह खत्म नहीं होगी। यही सामान्य सर्जी-जुकाम और वायरल बुखार के रूप में बनी रहेगी। जैसे-जैसे टीकाकरण और बढ़ेगा, कोरोना के नए केस घटते चले जाएंगे। लोगों में कोरोना के खिलाफ इम्युनिटी डेवलप हो चुकी है। यही कारण है कि अब इस महामारी से मरने वालों की संख्या में भी तेजी से कमी गई है।