स्वास्थ्य विभाग का कारनामाः गर्भवती महिला काे लगाया वैक्सीन का तीसरा टीका, तबियत बिगड़ी ताे मचा हडकंप, जांच के आदेश

दतिया । इंदरगढ़ में एक गर्भवती महिला टिटनेस का टीका लगवाने पहुंची थी, लेकिन स्टाफ ने उसे काेराेना का टीका लगा दिया। जबकि महिला काे पहले ही दाेनाें डाेज लग चुकी थी। जब महिला की तबियत बिगड़ी ताे स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया। आक्राेशित परिजनाें ने भी स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ काे जमकर खरीखाेटी सुनाई। दिलचस्प बात यह है कि स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियाें की गलती मानने की जगह महिला की ही गलती बताई जा रही है।
गर्भवती महिला शिवानी साहू के मुताबिक वह गर्भावस्था के दाैरान तीन माह में लगने वाला टिटनेस का टीका लगवाने के लिए गई थी। गर्भवती महिलाओं काे लगाए जाने वाले टीके एवं काेराेना वैक्सीनेेेशन का काम एक ही कमरे में चल रहा था। गर्भवती महिला ने दाे तीन बार बताया भी कि गर्भावस्था के तीसरे माह में लगने वाला टीका लगना है, लेकिन किसी ने उसकी बात काे नहीं सुना और काेराेना वैक्सीन की तीसरी डाेज महिला काे लगा दी गई। इसके बाद जब महिला घर पहुंची ताे उसे चक्कर, उल्टी दस्त की शिकायत शुरू हाेे गई। साथ ही पेट में भी दर्द हाेने लगा। वहीं महिला की सास रश्मि साहू का कहना है कि उनकी बहू की तबियत के बारे में भी अभी तक किसी डाक्टर ने संपर्क करने की भी कोशिश नहीं की है। ऐसे में उनका पूरा परिवार चिंतित है। वहीं इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ वीर सिंह इस पूरे मामले में संबंधित महिला को ही दोषी ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि गर्भवती महिला ने स्वयं ही टीकाकरण कर रहे स्टाफ को आकर बोला था कि उसे कोविड का टीका लगना है। इधर जिले के टीकाकरण अधिकारी डीके सोनी ने बताया कि गर्भवती को तीसरा डोज लग जाने को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बात की गई है। उनके मुताबिक इसमें चिंता करने की कोई बात नहीं है। वैसे भी स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं को तीसरा टीका बूस्टर डोज लगाने की तैयारी कर रहा है।