मनोज बाजपेयी ने किया कमाल राशिद खान पर मानहानि का केस, जानिए क्या है पूरा मामला

एक्टर मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) ने कमाल राशिद खान (Kamaal Rashid Khan) के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। केआरके (KRK) के विवादित ट्वीट्स को लेकर यह केस मध्यप्रदेश के इंदौर शहर की कोर्ट में दर्ज किया गया है। इस मामले की सुनवाई 4 सितंबर को होगी। इस केस को लेकर बाजपेयी के वकील परेश एस.जोशी ने बताया कि हमने खान के खिलाफ प्राइवेट आपराधिक मानहानि की कंप्लेंट दर्ज कराई है। यह शिकायत धारा 499 और 500 के तहत की गई है।
उन्होंने कहा कि एक्टर मनोज का बयान कोर्ट के समक्ष दर्ज किया गया है। वकील ने कहा, केआरके के ट्वीट बेहद आपत्तिजनक थे। जिससे मेरे क्लाइंट को ठेस पहुंची है। उन्होंने कॉमेडियन सुनील पाल (Sunil Pal) के बयान का भी जिक्र किया। बताया कि फिलहाल सुनील के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है। बता दें बीते दिनों पहले कॉमेडियन ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सेंसरशिप की कमी के बारे में बात करते हुए मनोज बाजपेयी पर कमेंट किया था।
मनोज ने क्यों दर्ज कराया केस
मनोज बाजपेयी ने केस केआरके के ट्वीट के खिलाफ दर्ज कराया है। जो उन्होंने द फैमिली मैन 2 के रिलीज होने के बाद किया था। जिससे बाजपेयी की छवि खराब हुई है। वकील ने कहा कि मंगलवार को अभिनेता ने इस मामले में अपना बयान इंदौर में दर्ज करवाया है। अब आगे की कार्रवाई के लिए सबूतों और गवाहों को देखा जाएगा।