झारखंड सरकार को गिराने की साजिश मामला:ACB की विशेष अदालत ने तीनों आरोपियों की जमानत याचिका खारिज की, एक महीने से न्यायिक हिरासत में हैं आरोपी

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार गिराने की साजिश के तीनों आरोपितों की जमानत याचिका को ACB की विशेष अदालत ने खारिज कर दी है। मंगलवार को इस मामले पर सुनवाई हुई। बहस के बाद ACB की विशेष अदालत ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया। तीनों अभी जेल में बंद हैं।
इस दौरान अमित सिंह, अभिषेक दुबे और निवारण प्रसाद महतो ने जमानत की गुहार लगाई थी। एक महीने पहले इन्हें गिरफ्तार किया गया था। सरकार के खिलाफ साजिश रचने की जानकारी के बाद बड़े होटलों में स्पेशल ब्रांच की टीम द्वारा छापेमारी की गई थी, जहां से इन तीनों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में रांची के कोतवाली थाना में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी थी।
क्या है पूरा मामला
आरोपों के मुताबिक, झारखंड की मौजूदा हेमंत सोरेन की सरकार के खिलाफ कुछ लोग काम कर रहे थे। कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल की सूचना के बाद पुलिस टीम ने बड़े होटलों में छापेमारी की थी। इसके बाद 3 लोगों को हिरासत में लिया गया था। तीनों आरोपी 24 जुलाई से न्यायिक हिरासत में है।