सीधी में दर्दनाक हादसा: बस और ऑटो की भिड़ंत में दो स्कूली बच्चियों की मौत

सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो स्कूली बच्चियों की मौत हो गई। हादसा मलखाम गांव के पास बताया जा रहा है, जहां स्कूल जा रही बच्चियों से भरे ऑटो की बस से जोरदार भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्चियां ऑटो में सवार होकर कुबरी स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान दूसरे वाहन को साइड देने के दौरान ऑटो बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बहरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। स्थानीय लोगों द्वारा ऑटो चालक के साथ मारपीट किए जाने की सूचना है।
दर्दनाक हादसे की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
प्राइड इंडिया न्यूज़ — जनहित की हर खबर पर नजर।