सीधी के भागवत प्रसाद मिश्रा ने रचा नया कीर्तिमान, विश्व के चर्चित शो ‘India’s Top 1 Percent’ में हुआ चयन

0 2,149

चार चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया पार कर मुंबई पहुंचे भागवत प्रसाद मिश्रा, 12 दिसंबर 2026 को रात 8 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होगा उनका एपिसोड; कौन बनेगा करोड़पति में भी शूटिंग की तैयारी

 

प्राइड कदम समाचार | सीधी।

 

सीधी जिले के लिए गौरव की बात है कि जिला मुख्यालय की पवित्र कॉलोनी में निवासरत भागवत प्रसाद मिश्रा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनका चयन विश्व के चर्चित शो ‘India’s Top 1 Percent’ में हुआ है। इस उपलब्धि के बाद न केवल उनके परिवार, बल्कि सीधी जिले में भी खुशी का माहौल है।

 

भागवत प्रसाद मिश्रा, पिता रमेश प्रसाद मिश्रा, वर्तमान में सीधी की पवित्र कॉलोनी में निवासरत हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित शो में चयनित होने के लिए उन्हें चार चरणों की चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इसमें सबसे पहले रजिस्ट्रेशन, वीडियो रिकॉर्डिंग, वीडियो ऑडिशन सहित अन्य चयन प्रक्रियाएं शामिल रहीं। इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद उन्हें मुंबई बुलाया गया।

 

140 करोड़ की आबादी में चुने गए 100 प्रतिभागियों में शामिल

 

भागवत प्रसाद मिश्रा के अनुसार, देश की लगभग 140 करोड़ आबादी में से चयन प्रक्रिया के जरिए महज 100 प्रतिभागियों को मुंबई बुलाया गया। उन्होंने इसे अपने लिए बेहद गौरव और सौभाग्य का क्षण बताया। उनका कहना है कि इतने बड़े स्तर पर चयनित होना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

 

उन्होंने कहा कि विश्व के नंबर वन शो में अपनी जगह बनाना और मुंबई में शूटिंग का हिस्सा बनना उनके जीवन का यादगार अनुभव है। इसके लिए उन्होंने सभी शुभचिंतकों और परिवारजनों के आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

12 दिसंबर को स्टार प्लस पर होगा एपिसोड का प्रसारण

 

भागवत प्रसाद मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके एपिसोड की शूटिंग 5 नवंबर 2026 को संपन्न हुई है। इसका प्रसारण आगामी 12 दिसंबर 2026 को रात 8 बजे स्टार प्लस चैनल पर किया जाएगा। अब सीधी जिले के लोग भी अपने जिले के प्रतिभागी को राष्ट्रीय टेलीविजन पर देखने के लिए उत्साहित हैं।

 

कौन बनेगा करोड़पति में भी पहुंचने की तैयारी

 

भागवत प्रसाद मिश्रा ने एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि सभी का आशीर्वाद और सहयोग बना रहा तो दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह में उनका ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की शूटिंग का कार्यक्रम भी निर्धारित है। यह उनके लिए एक और बड़ी उपलब्धि हो सकती है।

 

सीधी जिले के लिए गौरव का क्षण

 

भागवत प्रसाद मिश्रा की यह उपलब्धि बताती है कि छोटे शहरों और कस्बों में रहने वाली प्रतिभाओं में भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। चार चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया पार कर मुंबई तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

 

अब जिलेवासियों की निगाहें 12 दिसंबर को रात 8 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले उनके एपिसोड पर टिकी हैं। उम्मीद है कि भागवत प्रसाद मिश्रा अपनी प्रतिभा से सीधी जिले का नाम रोशन करेंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment