सीधी पुलिस जनसुनवाई में एएसपी कमला जोशी ने सुनीं आमजन की समस्याएं

0 59

लंबित शिकायतों की समीक्षा कर अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश, निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई पर दिया जोर

 

सीधी। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में मंगलवार, 10 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीधी में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

जनसुनवाई के दौरान भूमि एवं संपत्ति विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, महिला संबंधी शिकायतों और साइबर अपराधों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। एएसपी कमला जोशी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करने तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही न बरतें अधिकारी

 

पूर्व से लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई एवं प्रकरण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

 

महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों पर विशेष ध्यान

 

जनसुनवाई में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं कमजोर वर्गों से संबंधित शिकायतों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने और त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

 

जनसुनवाई के दौरान उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री राघवेंद्र द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और शिकायतों के निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

 

सीधी पुलिस ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण, जनसेवा, सुरक्षा एवं न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment