Bihar Panchayat Election 2021: मुखिया को एक हजार तो जिला परिषद के लिए दो हजार लगेगा नामांकन शुल्क, जानिए… Enrollment Process

कटिहार। Bihar Panchayat Election 2021: बिहार के कटिहार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी बढऩे लगी है। संभावित उम्मीदवार नामांकन के लिए कागजात की तैयारी सहित अन्य जानकारी लेने में अभी से जुट गए हैं। जिला प्रशासन भी राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में तैयारी को अमली-जामा पहनाने में जुटा हुआ है। आयोग ने अलग-अलग छह पदों के लिए नामांकन शुल्क का निर्धारण कर दिया है।
नामांकन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। मुखिया, पंचायत समिति सदस्य व संरपच के लिए नामांकन शुल्क एक हजार रुपये तो उक्त पदों पर महिला अभ्यर्थी, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग के सदस्य के लिए पांच सौ रुपये नामांकन शुल्क लगेगा। इसी तरह जिला परिषद सदस्य के लिए नाम निर्देशन शुल्क दो हजार रूपये तो उक्त पद हेतु महिला, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग की अभ्यर्थी के लिए नामांकन शुल्क एक हजार रूपये देना होगा। पंच व वार्ड सदस्य पद के लिए 250 रुपये एवं उक्त पद हेतु अगर अभ्यर्थी महिला, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग का होने पर नाम निर्देशन शुल्क 125 रुपये लगेगा।
पंचायत चुनाव के विभिन्न पदों के लिए नामाकंन को लेकर प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी व सहायक निर्वाची पदाधिकारी द्वारा तैयारी की जा रही है। बताते चलें कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मंगलवार को अधिसूचना जारी होगी। जिले के 16 प्रखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 3243 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। बताना होगा की इस बार इवीएम से चार पद व बायलट पेपर से दो पद पर पंचायत चुनाव कराया जाएगा।