जनजागरूकता अभियान में चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति लोगों को जागरूक करने पर दिया जोर

0 6

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। ग्यारहवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सप्ताहभर के जनजागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आयुर्वेद के महत्व को आमजन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा हुई।

 

कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं उपस्थित लोगों ने भगवान धन्वंतरि और महर्षि चरक को स्मरण करते हुए आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। लोगों को योग, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, उचित दिनचर्या तथा रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने की बात कही गई।

 

रेडक्रॉस के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि लखनऊ स्थित राजभवन में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में विद्यालयों में नियमित योगाभ्यास को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया था। इसी क्रम में रेडक्रॉस ने जिला प्रशासन के सहयोग से योग और आयुर्वेद को विद्यालय स्तर तक पहुंचाने में सहयोग करने का निर्णय लिया है।

 

उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का उद्देश्य मानव सेवा के साथ जनस्वास्थ्य को मजबूत करना है। आयुर्वेद दिवस के माध्यम से लोगों को निरोगी जीवन, बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम कराने के साथ औषधीय पौधों के संरक्षण एवं उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।

 

कार्यक्रम में नगर के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, जिला चिकित्सालय के डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, डॉ. एसपी कौशल, डॉ. आरपी सक्सेना, डॉ. हितेश गुप्ता, डॉ. रवि सक्सेना, अंशुल फार्मा के संजय अग्रवाल, बृजेश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। अभियान के माध्यम से “घर-घर आयुर्वेद, जन-जन स्वास्थ्य” का संदेश पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment