श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श

0 5

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। पिपरौला स्थित K.R. Pulp & Paper में शुक्रवार को श्रम विभाग की ओर से श्रमिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

 

शिविर में बड़ी संख्या में कंपनी के श्रमिकों और कर्मचारियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकीय टीमों ने बीपी, शुगर, रक्त जांच, ईसीजी के साथ आंख, कान, नाक व गले की जांच की। दंत, हड्डी एवं जोड़, त्वचा रोग तथा सामान्य स्वास्थ्य से संबंधित विशेषज्ञों ने श्रमिकों को चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

 

इस दौरान विधायक अरविंद कुमार सिंह ने श्रमिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की जरूरत बताते हुए कहा कि स्वस्थ श्रमिक ही बेहतर ढंग से अपने कार्य का निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने श्रमिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

 

शिविर में सहायक श्रम आयुक्त के.के. गुप्ता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजेश कुमार सिंह व नागेन्द्र त्रिपाठी सहित श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। K.R. Pulp & Paper के डायरेक्टर राजगोपाल अग्रवाल समेत कंपनी के अधिकारियों ने भी सहभागिता की। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, ईएसआईएस तथा वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा टीमों ने स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं, अधिकारों और कल्याणकारी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment